झारखंड में 30 नवंबर को होने वाले पहले चरण की 13 सीटों पर 189 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से केवल 15 ही महिला प्रत्याशी हैं। भाजपा और झाविमो ने एक-एक जबकि कांग्रेस और झामुमो ने 13 में से एक भी सीट पर महिला प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया है। पहले चरण में महिला प्रत्याशियों को मौका देने में जदयू सबसे अव्वल रहा है। जदयू ने तीन विस सीटों पर महिला प्रत्याशी उतारा है।
13 विस सीटों में से 8 पर ही महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही है। सबसे ज्यादा भवनाथपुर सीट पर चार महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके बाद छतरपुर व विशुनपुर में तीन-तीन जबकि गुमला, लोहरदगा, पांकी, डालटनगंज और विश्रामपुर में एक-एक महिला अपनी किस्मत आजमा रहीं हैं। इसमें छतरपुर व लोहरदगा की सीट पर त्रिकोणीय सघर्ष में दो महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। छतरपुर सीट पर पुष्पा देवी (भाजपा), राधाकृष्ण किशोर (आजसू पार्टी) व विजय कुमार(राजद) के बीच कांटे की टक्कर है तो लोहरदगा में सुखदेव भगत (भाजपा), डॉ. रामेश्वर उरांव (कांग्रेस) व नीरू शांति भगत (आजसू) के बीच मुकाबला है।
भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से चार महिलाएं चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रही हैं। चुनाव में तीन महिलाएं राजनीतिक दल से एवं एक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। यहां जदयू ने महिला नेत्री शकुंतला जायसवाल पर भरोसा जताते हुए भवनाथपुर विधानसभा से अपना उम्मीदवार बनाया हैं। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने पिछले चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे बसपा प्रत्याशी ताहिर अंसारी की पत्नी सोगरा बीबी को अपना उम्मीदवार बनाया है। लोजपा ने भी गढ़वा जिला परिषद उपाध्यक्ष रेखा चौबे को अपना प्रत्याशी बनाया है। हुसैनाबाद की रहने वाली प्रियंका देवी भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भाग्य आजमा रही हैं। प्रियंका देवी के पति मनीष कुमार भी इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कुल मिलाकर चार महिलाएं चुनाव मैदान में हैं।
पहले चरण के चुनाव में भाजपा और झाविमो ने सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारा है। गठबंधन के तहत कांग्रेस के 6, झामुमो 4 और राजद के 3 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 2014 में इन 13 सीटों में भाजपा ने 6, झाविमो 2, झामुमो और कांग्रेस ने 1-1 सीटें जीती थीं। इस चुनाव में 9 सीटों पर गढ़वा, डालटनगंज, विश्रामपुर, पांकी, लातेहार, मनिका, गुमला, बिशुनपुर व चतरा में सीधा मुकाबला होगा। वहीं, 3 सीटों भवनाथपुर, छतरपुर, लोहरदगा पर त्रिकोणीय और एक पर चतुष्कोणीय संघर्ष के आसार हैं।
विधानसभा क्षेत्र | कुल प्रत्याशी | महिला प्रत्याशी | पार्टी |
गुमला | 12 | सरोज हेमरोम | झारखंड पार्टी |
विशुनपुर | 12 | कृपालता देवी | जदयू |
विशुनपुर | 12 | पुष्पा पन्ना | झारखंड नव निर्माण दल |
विशुनपुर | 12 | फुलमनि बाड़ा | झारखंड पार्टी |
लोहरदगा | 11 | नीरू शांति भगत | आजसू |
पांकी | 15 | लुवंती कुमारी | राष्ट्रीय महिला पार्टी |
डालटनगंज | 15 | विजेता वर्मा | नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी |
विश्रामपुर | 19 | अंजू सिंह | जेवीएम |
छतरपुर | 12 | पुष्पा देवी | भाजपा |
छतरपुर | 12 | सुधा चौधरी | जदयू |
छतरपुर | 12 | सुमित्रा पासवान | जयप्रकाश जनता दल |
भवनाथपुर | 28 | शंकुतला देवी | जदयू |
भवनाथपुर | 28 | सोगरा बीबी | बसपा |
भवनाथपुर | 28 | रेखा देवी | लोजपा |
भवनाथपुर | 28 | प्रियंका | निर्दलीय |